Surprise Me!

#Agra दबंग ने चैलेंज देकर युवक को गोली मारी, दुस्साहसिक घटना से दहशत में परिवार

2024-05-17 4 Dailymotion

आगरा। 'मैं तुम्हें 20 दिन का समय दे रहा हूं। 20 दिन बाद तुम्हें गोली मार दूंगा।' आरोपी ने यह शब्द ईद के दौरान घायल युवक से कहे थे, जो उसने शुक्रवार को सच कर दिखाया। इस संबंध में पुलिस से शिकायत भी की गई थी, लेकिन कोई उचित कार्रवाई न होने से युवक ने इस घटना को अंजाम दे दिया। यह कहना है गोली से घायल युवक के पिता का। मामला ताजगंज थाना क्षेत्र के नगला मेवाती का है। सुबह लगभग 10:30 बजे थे। आमीन गारमेंट्स की दुकान पर बैठा हुआ था। तभी शाहरुख नाम का युवक आया और दुकान पर बैठे आमीन को गोली मार दी। गोली आमीन के पैर में लगी। गोली चलते ही आसपास अफरा तफरी मच गई। इस घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घायल को निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया गया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी युवक मौके से फरार हो गया। पुलिस इस मामले की जांच में जुटी है। घटना के बाद से घायल आमीन के माता-पिता बुरी तरह से डर गए हैं। उन्होंने बताया कि आरोपी शाहरुख से कुछ दिनों पहले बेटे की कहासुनी हो गई थी। उसके बाद शाहरुख ने ईद के दौरान बेटे को जान से मारने की धमकी दी थी। उसने कहा था कि मैं तुम्हें 20 दिन का समय दे रहा हूं। उसके बाद तुम्हें गोली मार दूंगा। आज उसने घटना को अंजाम दे दिया। पीड़ित के पिता का कहना है कि जब शाहरुख ने जान से मारने की धमकी दी थी तो क्षेत्रीय चौकी और थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी, लेकिन शिकायत पर कोई एक्शन नहीं लिया गया। जिसके चलते आरोपी के हौसले बुलंद हो गए और उसने आज इस घटना को अंजाम दे दिया। इस मामले में एसीपी सदर कृष्णा राय का कहना है कि घटना सुबह लगभग 10:30 बजे की है। दुकान में बैठे युवक को गोली मारी गई है। इस मामले की जांच की जा रही है। आरोपी की धर-पकड़ के लिए टीमें लगा दी गईं हैं। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।