बिलासपुर: किरतपुर–नेरचौक फोरलेन पर कैंचीमोड़ क्षेत्र में स्थित टनल नंबर-1 की दूसरी टनल भी बनकर तैयार हो गई है. पहले यहां फोरलेन पर टनल की सिंगल लेन से ट्रैफिक चल रहा था. अब यहां ट्रैफिक डबल ट्यूब टनल की दोनों लेन से होकर गुजरेगा. अगले 15 दिनों में यातायात के लिए इसे खोल दिया जाएगा. टनल के दोने लेन से शुरू होने पर न केवल यातायात व्यवस्था सुचारू होगी, बल्कि टनल के भीतर लगने वाले जाम और दुर्घटनाओं में भी बड़ी कमी आएगी. कैंचीमोड़ स्थित ये डबल ट्यूब टनल कुल 1800 मीटर लंबी है. अब तक फोरलेन शुरू होने के बाद भी यहां केवल एक ही टनल से दोनों दिशाओं में वाहनों की आवाजाही हो रही थी, जिससे कई बार टनल के भीतर जाम की स्थिति बन जाती थी. अब दूसरी समानांतर टनल के शुरू होने से दोनों टनल के अंदर से एक दिशा में वाहन जाएंगे. कीरतपुर की तरफ से आते समय एक कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है. बताते चलें कि किरतपुर–नेरचौक फोरलेन पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग है. टनल नंबर-1 की दूसरी लेन शुरू होने से पर्यटन, व्यापार और मालवाहक वाहनों की आवाजाही को बड़ा लाभ मिलेगा. खासकर मंडी, कुल्लू, मनाली और लाहौल-स्पीति जाने वाले यात्रियों को अब अधिक सुगम और सुरक्षित सफर मिल सकेगा.